
Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली बेहद दर्दनाक और वीभत्स वारदात सामने आई है। यहां आठ वर्ष की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद पत्थर से कुचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी और भारी जन आक्रोश फैल गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रमाय गागराई को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
तीन नवंबर से लापता थी मासूम, तलाश में जुटे थे ग्रामीण
घटना की शुरुआत तब हुई जब तीन नवंबर को रोज की तरह बच्ची अपने घर से खेलने के लिए निकली थी। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के सभी इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गांव के अन्य बच्चों से पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने बच्ची को जंगल की ओर जाते देखा था। इसके बाद खोजबीन तेज की गई।

बनाईकेड़ा से पकड़ा गया आरोपी, सख्ती पर उगला सच
छानबीन के दौरान ग्रामीणों को पता चला कि गांव का ही निवासी रमाय गागराई अपने घर से गायब है। उसके भाई से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने रमाय के बनाईकेड़ा में होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मृत बच्ची के मामा और करीब दस ग्रामीण तुरंत बनाईकेड़ा पहुंचे और रमाय को पकड़कर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में वह टालमटोल करता रहा, लेकिन ग्रामीणों की सख्ती के आगे टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने माना कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और भेद खुलने के डर से पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी तथा शव जंगल में छिपा दिया।
पुलिस ने बरामद किया शव, स्पीडी ट्रायल की तैयारी
घटना की सूचना गांव के मुंडा ने तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर जंगल से मासूम का क्षत-विक्षत शव बरामद किया। शव का चाईबासा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है और मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।


