
Hazaribagh: हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, अटका-बगोदर क्षेत्र के लोग एक शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए सवारी वाहन से वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान दनुआ घाटी के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित टैंकर ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

सवारी वाहन में सवार थे 18 लोग, घायलों को अस्पताल भेजा गया
शुरुआती सूचना में वाहन में 10 से 12 लोगों के होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि गाड़ी में कुल 18 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

सभी घायल SBMCH रेफर, जांच में जुटी पुलिस
हादसे में घायल सभी 13 लोगों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SBMCH), हजारीबाग रेफर किया गया है, जहां गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


