
Ranchi: रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में जमीन के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धुर्वा सेक्टर-2 निवासी 49 वर्षीय संतोष कुमार सिन्हा ने हटिया निवासी बुतरू उरांव और उसके बेटे शशि लकड़ा के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार पिता-पुत्र ने तुपुदाना थाना क्षेत्र के मौजा डुंगरी स्थित 58 डिसमिल जमीन को अपना बताकर बेचने का सौदा तय किया था।
55 लाख में हुआ था एकरारनामा, किस्तों में दिए 38 लाख
शिकायत के मुताबिक 2 जून 2018 को दोनों पक्षों के बीच 20 डिसमिल जमीन का सौदा कुल 55 लाख रुपये में तय हुआ था। इसके तहत बाकायदा एकरारनामा तैयार किया गया। शिकायतकर्ता ने गवाहों की मौजूदगी में शुरुआत में 10 लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद समय-समय पर नकद और बैंक चेक के माध्यम से आरोपियों को कुल मिलाकर करीब 38 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया।

बाउंड्री कराने पहुंचे तो सामने आया असली जमीन मालिक
पीड़ित का आरोप है कि बड़ी रकम लेने के बावजूद दोनों आरोपी रजिस्ट्री कराने के नाम पर लगातार टालमटोल करते रहे। जब संतोष कुमार सिन्हा जमीन पर बाउंड्री कराने पहुंचे, तो वहां असली जमीन मालिक आ धमका। तब जाकर खुलासा हुआ कि आरोपियों ने जो दस्तावेज दिखाए थे, वे पूरी तरह फर्जी और जाली थे। ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए।
पैसे मांगने पर मारपीट और शूटर बुलाकर जान से मारने की धमकी
संतोष कुमार सिन्हा के अनुसार बीते 26 अगस्त को जब वे अपनी रकम वापस मांगने आरोपियों के घर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्हें शूटर बुलाकर जान से मरवा देने की खुली धमकी भी दी गई। पीड़ित ने जगन्नाथपुर थाना पुलिस से अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और हड़पी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।


