
Ranchi: रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसजाड़ी गांव में रात के अंधेरे में घर में घुसकर महिला के साथ अश्लील हरकत और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस संबंध में पीड़िता ने मांडर थाने में लिखित आवेदन देकर तीन युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शोर मचाने पर भागे आरोपी
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार घटना दो नवंबर की रात की है। पीड़िता ने बताया कि तीन युवक घर का मुख्य गेट खोलकर अंदर दाखिल हो गए। आरोपियों ने घर की लाइट जलाई और महिला के बिस्तर तक पहुंच गए। नींद खुलने पर महिला ने देखा कि एक आरोपी मोबाइल की टॉर्च जलाए हुए था और उसने अभद्र हरकत करने का प्रयास किया। महिला ने तुरंत शोर मचाया और आरोपियों का विरोध किया, जिसके बाद वे मौके से भाग निकले।

तीन युवकों पर नामजद केस दर्ज
पीड़िता के अनुसार जब उसने भाग रहे युवकों का पीछा किया, तो वे अपने घर में घुस गए। महिला जब उनके घर पहुंची, तो आरोपी ने खुद पर लगे आरोपों से इनकार किया और अपने पहने हुए कपड़े उतारकर सामने रख दिए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने पीड़िता और उसके परिजनों को बर्बाद करने की धमकी दी। मामले में पीड़िता की शिकायत पर सहाबुद्दीन, सोहेब और सोनू के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


