
Chatra: चतरा जिले के गिद्धौर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सोमवार की रात एक बेहद दुखद घटना घटी। विद्यालय की एक छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान बरियातू पंचायत के सिमरातरी गांव निवासी संतोष भुइयां की पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। इस अचानक हुई घटना के बाद से विद्यालय में रह रही अन्य छात्राएं काफी डरी और सहमी हुई हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गिद्धौर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जानकारी शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन आत्महत्या के कारणों का पता लगाने और हर पहलू की गहराई से जांच करने में जुटे हैं।



