
Jamshedpur: धनतेरस, दीपावली और काली पूजा के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब ने जिलेवासियों को त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षा का एक्शन प्लान साझा किया है। उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा की तर्ज पर ही दिवाली और काली पूजा के दौरान भी शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।


200 अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, चेक पोस्ट पर 24 घंटे जांच
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में 200 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों के साथ-साथ एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर विशेष चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इन चेक पोस्टों पर दिन-रात दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

बाजारों और गलियों में रातभर गश्त करेगा स्पेशल बाइक दस्ता
खरीदारी के दौरान बाजारों में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए PCR और टैंगो के अतिरिक्त एक विशेष ‘बाइक दस्ता’ तैयार किया गया है। यह दस्ता रातभर प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक केंद्रों और तंग गलियों में लगातार गश्त करेगा। इसका उद्देश्य देर रात तक खरीदारी करने वाले नागरिकों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यह विशेष बाइक दस्ता काली पूजा और प्रतिमा विसर्जन संपन्न होने तक फील्ड में सक्रिय रहेगा।
5 साल के क्राइम डेटा से हॉटस्पॉट मैपिंग, पुराने अपराधियों पर नजर
अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने पिछले पांच वर्षों के आपराधिक आंकड़ों का विश्लेषण कर संवेदनशील इलाकों की हॉटस्पॉट मैपिंग की है। चिन्हित संवेदनशील इलाकों पर पेट्रोलिंग और बाइक दस्ते का विशेष फोकस रहेगा। इसके अतिरिक्त, पूर्व में चोरी, छिनतई और लूट जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल रहे अपराधियों पर नजर रखने के लिए उन्हें थानों में नियमित हाजिरी लगाने का निर्देश दिया गया है।
वरीय अधिकारी करेंगे रात्रि गश्त, शांति समिति के साथ बैठक संपन्न
त्योहारों के दौरान निगरानी रखने के लिए एसएसपी, सिटी SP और सभी डीएसपी स्वयं रात्रि गश्त करेंगे और जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस ने शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रतिमा विसर्जन के मार्गों और समय की रूपरेखा भी तय कर ली है। SSP ने नागरिकों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की है।


