
पटना: बिहार के खगड़िया जिले के एसपी भानु प्रताप सिंह से जुड़ा पारिवारिक विवाद अब मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच गया है। रविवार को उनकी पत्नी पूजा सिंह अपनी फरियाद लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने लोकसेवक आवास पहुंचीं। हालांकि, अधिकारियों ने उन्हें बाहर ही रोक लिया। उनके पहुंचने पर कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
इसके बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस उन्हें पटना समाहरणालय ले गई, जहां अधिकारियों से उनकी मुलाकात कराई गई। पूजा सिंह ने बताया कि उन्हें सोमवार को फिर से बुलाया गया है। यह मामला कोर्ट में भी चल रहा है।

पूजा सिंह ने मुख्यमंत्री से अपनी बेटी से मिलवाने और पत्नी के रूप में अपना हक दिलाने की गुहार लगाई है। इससे पहले वह डीजीपी और महिला आयोग के कार्यालय में भी अपनी शिकायत लेकर जा चुकी हैं। उन्होंने मौके पर पहुंचे अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम आवेदन भी सौंपा।
बेटी से दो महीने से नहीं मिलीं, अनशन की चेतावनी
पूजा सिंह ने बताया कि उन्हें अपनी बेटी से अलग कर दिया गया है। उनका कहना है कि वह परिवार के साथ रहना चाहती हैं और भानु प्रताप सिंह की पत्नी के रूप में अपना जीवन बिताना चाहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में उन्हें कहीं से पर्याप्त मदद नहीं मिल रही है।
पूजा सिंह के मुताबिक, वह करीब दो महीने से अपनी बेटी से नहीं मिली हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री आवास के बाहर अन्न-जल त्यागकर बैठ जाएंगी। उन्होंने बताया कि वह डीजीपी प्रीता वर्मा से मुलाकात कर चुकी हैं और महिला आयोग का भी दरवाजा खटखटा चुकी हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिली है।
अधिकारियों ने सोमवार को फिर बुलाने की बात कही
मुख्यमंत्री आवास पहुंचने के बाद पूजा सिंह से मिलने के लिए मीडियाकर्मियों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा में तैनात पुलिस पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्हें एसडीएम से मिलवाया गया।
मुलाकात के बाद पूजा सिंह ने बताया कि उन्हें सोमवार को दोबारा बुलाया गया है। उनके अनुसार, अधिकारियों ने कहा है कि खगड़िया से एसपी भानु प्रताप सिंह को भी बच्ची के साथ बुलाया जाएगा। डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारी मिलकर उनकी समस्या का समाधान कराने की कोशिश करेंगे।
2016 में हुई थी लव मैरिज
पूजा सिंह और 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। पूजा के अनुसार, दोनों की मुलाकात वर्ष 2015 में कोलकाता में एक पारिवारिक समारोह के दौरान हुई थी। उस समय भानु प्रताप नौकरी की तैयारी कर रहे थे।
पूजा सिंह का कहना है कि उन्होंने परिवार की इच्छा के खिलाफ भानु प्रताप से शादी की थी। उन्होंने निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में भी काम किया। दोनों की छह साल की बेटी है, जो फिलहाल अपने पिता के पास है।
पूजा का आरोप है कि आईपीएस की नौकरी मिलने के बाद भानु प्रताप के व्यवहार में बदलाव आया और विवाद इतना बढ़ गया कि अब वे साथ नहीं रहना चाहते। हालांकि, दोनों के बीच विवाद का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
भरतपुर में भी परिवार से मिलने की कोशिश का दावा
पूजा सिंह के मुताबिक, वह भानु प्रताप सिंह के परिवार से मिलने राजस्थान के भरतपुर भी गई थीं। उन्होंने बताया कि भानु प्रताप का परिवार उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से है और फिलहाल भरतपुर में रहता है। पूजा का दावा है कि वह घंटों तक घर के बाहर बैठी रहीं, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय थाने में जाकर पुलिस से शिकायत की।
कोर्ट में भी चल रहा है मामला
पूजा सिंह के मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचने के बाद यह पारिवारिक विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। उन्होंने अपनी बेटी से मुलाकात और पत्नी के रूप में अधिकार दिलाने की मांग की है। यह मामला कोर्ट में भी चल रहा है।
पूजा सिंह की ओर से लगाए गए आरोपों पर आईपीएस भानु प्रताप सिंह का पक्ष इस रिपोर्ट में उपलब्ध नहीं है। मामले में प्रशासनिक स्तर पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं और दोनों पक्षों के बीच विवाद का समाधान किस तरह निकलता है, इस पर नजर बनी हुई है।


