
Jamshedpur News: जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को डिमना चौक से धालभूमगढ़ स्थित गजानंद फैक्ट्री तक जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) महेश्वरी प्रसाद यादव और ट्रैफिक DSP के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करने वाले 27 वाहनों पर कार्रवाई की गई और उनसे कुल 1 लाख 73 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
हादसों पर लगाम की पहल
NH-33 पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण अक्सर आवागमन प्रभावित होता है, जिससे जाम के साथ-साथ तेज रफ्तार वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। इसी समस्या से निपटने के लिए जिला परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच पर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई की। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य राजमार्ग पर निर्बाध यातायात सुनिश्चित करना है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन ने वाहन चालकों, मालिकों और परिवहन संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे सड़क पर गाड़ियां खड़ी करने से बचें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एनएच-33 पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से जांच अभियान जारी रहेगा।


