
Jamtara News: जामताड़ा जिले के मुरलीपहाड़ी स्थित ई-कॉमर्स कंपनी Flipkart के हब में अज्ञात अपराधियों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। शुक्रवार की देर रात शातिर चोरों ने गोदाम के पिछले हिस्से की दीवार में सेंधमारी की और भीतर प्रवेश कर गए। चोरों ने गोदाम के अंदर रखे दस से ज्यादा कीमती स्मार्टफोन, गल्ले में रखे करीब एक लाख रुपये नकद और कई अन्य पार्सल चुरा लिए। वारदात को बेहद चालाकी से अंजाम देने के लिए बदमाशों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और पहचान छिपाने के मकसद से डीवीआर को पूरी तरह तोड़कर बर्बाद कर दिया।
सुबह काम पर पहुंचे कर्मियों को हुआ चोरी का शक
वारदात का खुलासा शनिवार सुबह उस वक्त हुआ जब गोदाम के नियमित कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर पहुंचे। ऑफिस इंचार्ज कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि सुबह जब उन्होंने दफ्तर का ताला खोला तो पूरे परिसर की बिजली और लाइटें बंद थीं। अनहोनी की आशंका होने पर जब सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई तो सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर टूटा हुआ मिला। इसके बाद जब कर्मचारी गोदाम के पिछले हिस्से में पहुंचे तो वहां दीवार में बड़ा छेद नजर आया। चोरों ने भागने से पहले सेंधमारी वाली जगह को एक बोरे से ढक दिया था ताकि बाहर से किसी की नजर तुरंत न पड़े।

डायल 112 पर दी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस टीम
वारदात का पता चलते ही कर्मचारियों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही मुरलीपहाड़ी टीओपी की पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेते हुए नारायणपुर थाना पुलिस को खबर दी। इसके कुछ ही देर बाद नारायणपुर थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और बारीकी से छानबीन शुरू की।
पैकेट फाड़कर निकाले फोन, लिखित शिकायत का इंतजार
गोदाम प्रभारी के अनुसार चोरों ने डिलीवरी के लिए तैयार रखे मोबाइल पैकेटों को फाड़कर उनमें से महंगे हैंडसेट निकाल लिए। गायब हुए फोनों में रेडमी, ओप्पो और मोटोरोला जैसी नामी कंपनियों के महंगे मॉडल शामिल हैं। इसके साथ ही काउंटर की दराज में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी भी साफ कर दी गई। नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि पुलिस मौके का मुआयना कर चुकी है और जैसे ही पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर मिलती है, प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। व्यस्त इलाके में हुई इस सुनियोजित चोरी के बाद स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


