
जहानाबाद: बकाया मजदूरी के भुगतान और स्थायीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को जिले के स्कूलों में कार्यरत रात्रि प्रहरियों, स्वच्छता कर्मियों और सफाईकर्मियों ने प्रदर्शन किया। बिहार स्कूल रात्रि प्रहरी यूनियन (सम्बद्ध AIUTUC) के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष उमाशंकर वर्मा और इंदु कुमारी ने किया।

प्रदर्शन के बाद यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को 11 सूत्रीय मांगों से संबंधित स्मार पत्र सौंपा। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी कई समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने बकाया मजदूरी का जल्द भुगतान करने और काम की स्पष्ट जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

न्यूनतम मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा की मांग
स्मार पत्र में सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने और मजदूरी सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजने की मांग की गई। इसके साथ सुरक्षा किट, सामाजिक सुरक्षा, बीमा, पेंशन और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
कर्मचारियों ने काम के घंटे निर्धारित करने और सवेतन अवकाश देने की भी मांग की। यूनियन ने आउटसोर्सिंग और ठेका व्यवस्था समाप्त कर कर्मचारियों को स्थायी करने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल उपलब्ध कराने की मांग की।
स्कूलों के विलय के बाद समायोजन की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कार्य से संबंधित प्रशिक्षण की व्यवस्था करने और विलय किए गए विद्यालयों के रात्रि प्रहरियों को दूसरे विद्यालयों में तत्काल समायोजित करने की मांग भी उठाई।
यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने जिला प्रशासन से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की अपील की।
(बरुन कुमार की रिपोर्ट)


