
Seraikela Kharsawan: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर से खाकी को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला के साथ थाना परिसर के भीतर ही कथित तौर पर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। न्याय और सुरक्षा की उम्मीद लेकर पुलिस की चौखट पर पहुंची पीड़ित महिला के साथ थाने के अंदर ही इस तरह की शर्मनाक हरकत का आरोप सामने आते ही पूरे पुलिस महकमे में भारी हड़कंप मच गया। मामले की नजाकत को भांपते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने बिना वक्त गंवाए मामले को गंभीरता से लिया।
SDPO स्तर की जांच
पीड़ित महिला की शिकायत मिलते ही SP ने फौरन मामले की उच्चस्तरीय जांच के कड़े निर्देश जारी किए। इसके बाद SDPO ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की तफ्तीश शुरू की। शुरुआती जांच और पड़ताल के आधार पर आरोपों से घिरे थाने के वायरलेस ऑपरेटर को तुरंत हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई। पूछताछ में मिले इनपुट और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर अब आरोपी वायरलेस ऑपरेटर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है।

चार पुलिसकर्मी सस्पेंड
इस पूरे मामले में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता को देखते हुए विभाग ने त्वरित एक्शन लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गम्हरिया थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इस ताबड़तोड़ प्रशासनिक कार्रवाई से महकमे में हलचल मची हुई है। जिस पुलिस स्टेशन पर आम जनता की सुरक्षा का जिम्मा है, उसी की चारदीवारी में इस तरह की संगीन वारदात ने पुलिसिंग और जवाबदेही पर सीधे तौर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


