
Jharkhand News: भाकपा माओवादी संगठन की ओर से नवंबर महीने में प्रस्तावित खूनी क्रांति सप्ताह, दमन विरोधी सप्ताह और शहीद सप्ताह के मद्देनजर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने समूचे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। DGP कार्यालय से जारी आदेश के तहत सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को अपने-अपने इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद चाक-चौबंद रखने को कहा गया है। खासकर रेलवे प्रतिष्ठानों, सुरक्षा बलों के कैंपों और सरकारी दफ्तरों की दिन-रात कड़ी निगरानी रखने पर जोर दिया गया है।
नवंबर में तीन अलग अभियानों की तैयारी में नक्सली
माओवादी संगठन हर साल की तरह 8 से 15 नवंबर तक खूनी क्रांति सप्ताह, 16 से 22 नवंबर तक दमन विरोधी सप्ताह और 24 से 30 नवंबर तक शहीद सप्ताह आयोजित करता है। इन तय कार्यक्रमों की आड़ में नक्सली संगठन अक्सर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने और बड़ी वारदातों को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। इसी खतरे को भांपते हुए पुलिस मुख्यालय ने सुदूर और संवेदनशील जंगली इलाकों में गश्त तेज करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चौकसी बढ़ाने का फरमान सुनाया है।

रेलवे नेटवर्क, पुलिस पिकेट और शस्त्रागारों पर विशेष नजर
मुख्यालय के निर्देशानुसार रेलवे स्टेशनों, पटरियों, ट्रेनों, पुल-पुलियों, रेलवे संस्थानों, मार्ग रक्षण दलों और शस्त्रागारों की सुरक्षा में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। इसके साथ ही सुदूरवर्ती थानों, पुलिस पिकेटों और अर्धसैनिक बलों के कैंपों पर भी पहरा मजबूत करने को कहा गया है, ताकि किसी भी तरह के औचक हमले या नुकसान की आशंका को समय रहते खत्म किया जा सके।
बैंक, कोल डंप और मोबाइल टावरों की भी होगी सुरक्षा
प्रशासन ने प्रखंड, अंचल, अनुमंडल और जिला स्तरीय प्रशासनिक कार्यालयों के अलावा बैंकों, वित्तीय संस्थानों, वन विभाग के कार्यालयों और सरकारी गोदामों को सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील श्रेणी में रखा है। जंगलों और ग्रामीण इलाकों में स्थित मोबाइल टावरों, कोल साइडिंग, कोल डंप और खनन क्षेत्रों में भी जवानों की तैनाती और गश्त बढ़ाने को कहा गया है।
सड़कों पर वाहनों की जांच और सहयोगियों की सुरक्षा पर जोर
राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के अलावा प्रमुख रास्तों, ग्रामीण हाट-बाजारों और वहां से गुजरने वाले वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा बलों के जवानों, विशेष पुलिस अधिकारियों और पुलिस का साथ देने वाले स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी अत्यधिक सावधानी बरती जाए। मुख्यालय के मुताबिक लगातार हो रहे आत्मसमर्पण और धरपकड़ से माओवादी संगठन की कमर जरूर टूटी है, लेकिन बौखलाहट में होने वाली किसी भी अप्रिय हरकत को नाकाम करने के लिए सभी जिलों को चौबीसों घंटे पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।


