
JSSC Result: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने ‘झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023’ के तहत कक्षा छह से आठ के भाषा शिक्षकों का संशोधित अतिरिक्त परीक्षाफल जारी कर दिया है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जारी इस परिणाम में राज्य के 22 जिलों से कुल 1,265 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। जारी नतीजों में राजधानी रांची से सर्वाधिक 155 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जबकि 130 सफल अभ्यर्थियों के साथ पलामू जिला दूसरे पायदान पर रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर फैसला
यह संशोधन सुप्रीम कोर्ट में दायर विभिन्न याचिकाओं और शीर्ष अदालत के सख्त आदेशों के बाद किया गया है। पूरा विवाद इस बात को लेकर था कि आरक्षित श्रेणी के अधिक अंक पाने वाले मेधावी अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी की सीटों पर समायोजित किया जाए या नहीं। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट व्यवस्था दी कि जब तक कोई स्पष्ट कानूनी रोक न हो, केवल प्रशासनिक निर्देशों के बूते किसी योग्य और मेधावी आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार को सामान्य श्रेणी की सीट पाने से वंचित नहीं किया जा सकता। इसी निर्देश के तहत आयोग ने आवश्यक सूचना संख्या 105 जारी कर पुराना परिणाम रद्द करते हुए नया संशोधित रिजल्ट प्रकाशित किया।

किस जिले से कितने सफल
संशोधित परिणाम के अनुसार रांची से 155, पलामू से 130, गिरिडीह से 103, हजारीबाग से 66, गढ़वा से 65, बोकारो से 64 और देवघर से 64 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इसके अलावा चतरा से 62, गोड्डा से 59, धनबाद से 58, सरायकेला से 56, पूर्वी सिंहभूम से 55, गुमला से 50, खूंटी से 43, दुमका से 40, जामताड़ा से 36 और पश्चिमी सिंहभूम से 35 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। पाकुड़ जिले से 28, लोहरदगा से 27 तथा रामगढ़, लातेहार और सिमडेगा से 23-23 अभ्यर्थी पास घोषित किए गए हैं।
कई परिणाम अब भी लंबित
आयोग ने स्पष्ट किया है कि कुछ अभ्यर्थियों का परीक्षाफल फिलहाल रोक कर रखा गया है। विभिन्न न्यायालयों में लंबित मुकदमों, रिक्तियों से जुड़े तकनीकी विवादों और अभ्यर्थियों द्वारा अनिवार्य शैक्षणिक व जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने के कारण ऐसा किया गया है। अदालतों के अंतिम फैसले आने और जरूरी दस्तावेज जमा होने के बाद इन मामलों पर विचार किया जाएगा। आयोग ने यह भी साफ किया है कि प्रकाशित परिणाम में किसी भी टंकण अथवा मानवीय भूल को सुधारने का पूर्ण अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।


