
JTET Exam 2026: झारखंड में रविवार, 1 नवंबर को होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) में 5.65 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होने के लिए पंजीकृत हैं। परीक्षा को लेकर राज्यभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV से निगरानी की व्यवस्था की गई है, जबकि नकल और फर्जीवाड़ा रोकने के लिए उड़नदस्ता टीमें भी तैनात रहेंगी। सबसे अहम बात यह है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करते पकड़े जाने या निष्कासित होने वाले अभ्यर्थियों को भविष्य की JTET परीक्षाओं से स्थायी रूप से बाहर किया जा सकता है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 5,65,048 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इनमें पहली से पांचवीं कक्षा के शिक्षक पात्रता स्तर के लिए 1,95,935 और छठी से आठवीं कक्षा के स्तर के लिए 3,69,113 अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से सभी जिलों के DC और SSP को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

नकल करते पकड़े गए तो भविष्य की JTET परीक्षा से हो सकते हैं बाहर
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा में नकल, फर्जीवाड़ा, गलत तरीके से मदद पहुंचाने या किसी तरह की साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई अभ्यर्थी अनुचित साधनों का इस्तेमाल करते पकड़ा जाता है या परीक्षा से निष्कासित होता है, तो उसे आगे होने वाली JTET परीक्षाओं में शामिल होने से स्थायी रूप से रोका जाएगा।
परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारियों को भी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने का निर्देश दिया गया है। ड्यूटी करने से इनकार करने वाले कर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की बात कही गई है।
हर परीक्षा केंद्र पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं और इनकी निगरानी के लिए अलग टीमें बनाई गई हैं। इसके अलावा उड़नदस्ता टीमें केंद्रों की अचानक जांच करेंगी। प्रत्येक जिले में नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है, जबकि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनधिकृत लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
JAC सचिव सच्चिदानंद द्विवेंदु तिग्गा के अनुसार, परीक्षा की गोपनीय सामग्री के पैकेट खोलने और परीक्षा समाप्त होने के बाद OMR शीट सील करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसकी रिकॉर्डिंग CD के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जमा होगी।
परीक्षा से दो घंटे पहले पहुंचें, आधा घंटा पहले बंद हो जाएगा गेट
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले अपने निर्धारित केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी हो सकती है।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र लेकर पहुंचना जरूरी है। केवल प्रवेश पत्र लेकर पहुंचना पर्याप्त नहीं होगा। वहीं, दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी (CP) से प्रभावित और दोनों हाथों से दिव्यांग परीक्षार्थियों को परीक्षा में 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
रांची में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम में भी बड़ी संख्या
जिलावार आंकड़ों के अनुसार, रांची में छठी से आठवीं स्तर के लिए 44,892 और पहली से पांचवीं स्तर के लिए 20,862 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इस तरह रांची में कुल 65,754 अभ्यर्थी हैं।
धनबाद में दोनों स्तरों को मिलाकर 48,859, पूर्वी सिंहभूम में 57,133, बोकारो में 46,181 और गिरिडीह में 32,041 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी को देखते हुए जिला प्रशासन को केंद्रों पर निगरानी और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने प्रवेश पत्र पर दर्ज परीक्षा केंद्र और समय की जानकारी पहले ही देख लें तथा निर्धारित समय से पर्याप्त पहले केंद्र पहुंचें।


