
Keshav Mahto Kamlesh: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह पदयात्रा लोकतंत्र बचाने का कोई गंभीर प्रयास नहीं, बल्कि महज एक ‘पॉलिटिकल फोटोशूट’ है। कमलेश ने भाजपा के लोकतंत्र प्रेम को पूरी तरह दिखावटी करार दिया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में लोकतंत्र की रक्षा करना चाहती है, तो उसे सबसे पहले चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करनी चाहिए।
‘जनता को गुमराह कर रही भाजपा’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह आखिर किस लोकतंत्र को बचाने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस देश में आम मतदाताओं के अधिकारों पर सवाल उठ रहे हों, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता संदेह के घेरे में हो और विपक्ष लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही मांग रहा हो, वहां भाजपा का यह कदम सिर्फ जनता की आंखों में धूल झोंकने के अलावा कुछ नहीं है।



