
Koderma News: कोडरमा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को RPF ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए दानापुर एक्सप्रेस से अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की की कुल 8 बोतलें बरामद हुई हैं, जिनकी मात्रा 6 लीटर और कीमत 6,560 रुपये बताई गई है।
RPF के मुताबिक, निरीक्षक प्रभारी के निर्देशन में उप निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में टीम दोपहर करीब 2:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी ट्रेन संख्या 13233 दानापुर एक्सप्रेस में प्रतिबंधित सामानों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के आगे की तरफ दिल्ली एंड वाले जनरल कोच में दो लोग झोला और गमछा लेकर संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पूछताछ के बाद उनकी तलाशी ली गई तो शराब बरामद हुई।

गमछे में दो, झोले में मिलीं छह बोतलें
गिरफ्तार लोगों की पहचान गौतम कुमार (42), निवासी रूकनपुरा, थाना सालीमपुर, जिला पटना और शंभू तांती (45), निवासी नूरसराय, जिला नालंदा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान गौतम कुमार के पास मौजूद केसरिया रंग के गमछे से रॉयल स्टैग की दो बोतलें मिलीं, जबकि शंभू तांती के नीले झोले से इसी ब्रांड की छह बोतलें बरामद की गईं। सभी बोतलें 750 मिलीलीटर की थीं और प्रत्येक पर 820 रुपये कीमत अंकित थी।
बिहार ले जाकर बेचने की बात कही
RPF की पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बेरोजगार हैं और शराब को बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचते थे, जिससे उन्हें कुछ कमाई हो जाती थी। शराब से जुड़े कोई कागजात वे नहीं दिखा सके और न ही उसके बारे में कोई संतोषजनक जवाब दे पाए। इसके बाद RPF ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद जब्त शराब और दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उत्पाद विभाग, कोडरमा को सौंप दिया गया है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुशील कुमार के साथ आरक्षी जितेंद्र कुमार, मीकू कुमार और दीपक कुमार शामिल थे।


