
नई दिल्ली: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से जुड़े IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली हाईकोर्ट से अहम राहत मिली है। गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने लालू यादव के खिलाफ आरोप तय किए जाने के ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) को नोटिस जारी किया है। न्यायमूर्ति सचिन दत्ता की पीठ ने ईडी से जवाब मांगा है।
3 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
मिली जानकारी के अनुसार, लालू प्रसाद यादव ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय करने के ट्रायल कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उन्होंने 10 सितंबर को याचिका दायर कर आरोप तय करने के आदेश पर सवाल उठाए थे।

अब हाईकोर्ट ने मामले में ईडी को नोटिस जारी करते हुए अगली सुनवाई की तारीख 3 दिसंबर तय की है। कोर्ट ने लालू यादव को अगली सुनवाई तक ट्रायल कोर्ट में राहत मांगने की छूट भी दी है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और ईडी के जवाब के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।


