
डेहरी-ऑन-सोन: रोहतास जिले के तिलौथू प्रखंड में कैमूर पहाड़ी की गोद में स्थित विश्व प्रसिद्ध मां तुतला भवानी धाम बुधवार को भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित मां तुतला भवानी महोत्सव-2026 में आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। बिहार टूरिज्म के ‘Blissful Bihar’ अभियान के तहत आयोजित इस महोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों में कई दिनों से उत्साह था।
गणमान्य अतिथियों ने किया महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज, डेहरी के अनुमंडल पदाधिकारी नीलेश कुमार, निर्वाचन पदाधिकारी संतोष सिंह, सासाराम विधायक स्नेहलता कुशवाहा और विधान पार्षद निवेदिता सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण और दूर-दराज से आए श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक मंच के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।
भोजपुरी सितारों की प्रस्तुति पर झूमे दर्शक
महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर भोजपुरी जगत के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी, गायक दीपक ठाकुर, मास्टर विकास, आर्यन, सृष्टि लक्ष्मी और तान्या मौआर ने भक्ति गीतों, लोकगीतों और पारंपरिक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।
कल्पना पटवारी ने जैसे ही मां तुतला भवानी पर आधारित लोकगीत प्रस्तुत किया, पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। मास्टर विकास के गीतों पर युवा दर्शक झूमते नजर आए, वहीं सृष्टि लक्ष्मी और तान्या मौआर की सुरीली आवाज ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। दर्शकों ने देर शाम तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
इको टूरिज्म से रोहतास को मिलेगी नई पहचान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान पार्षद निवेदिता सिंह ने कहा कि रोहतास जिला सांस्कृतिक रूप से बेहद समृद्ध है। मां तुतला भवानी महोत्सव, शेरशाह महोत्सव और मां चंडी महोत्सव जैसे आयोजन जिले की परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार रोहतास में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही हैं। कैमूर की पहाड़ियों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इनके विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
तुतला भवानी धाम को पर्यटन हब बनाने की तैयारी: डीएम
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि मां तुतला भवानी धाम धार्मिक और प्राकृतिक, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां पहाड़ों से गिरने वाला प्राकृतिक झरना पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सड़क, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आने वाले समय में तुतला भवानी धाम को बिहार के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे डेहरी-ऑन-सोन और तिलौथू क्षेत्र को नई आर्थिक पहचान मिल सकती है।
प्राकृतिक झरने और धार्मिक मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध है तुतला भवानी धाम
मां तुतला भवानी मंदिर कैमूर पहाड़ी की घाटी में स्थित है। यहां का प्राकृतिक झरना और आसपास का मनोरम दृश्य श्रद्धालुओं व पर्यटकों को आकर्षित करता है। स्थानीय धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मन्नत पूरी होती है। खासकर नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
धार्मिक महत्व के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता के कारण यह स्थल पिकनिक स्पॉट के रूप में भी प्रसिद्ध है। ऐसे महोत्सवों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने के साथ ‘देखो अपना देश’ और ‘Blissful Bihar’ जैसे पर्यटन अभियानों को भी बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के अंत में डेहरी अनुमंडल प्रशासन ने अतिथियों, कलाकारों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
(विकाश चन्दन की रिपोर्ट)


