
Ranchi: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने प्रशासनिक स्तर पर बदलाव करते हुए पांच विद्युत कार्यपालक अभियंताओं (Executive Engineers) का तबादला कर दिया है। निगम मुख्यालय की तरफ से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस फेरबदल के तहत रांची पूर्वी, रांची केंद्रीय, डोरंडा और चतरा विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों में अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

डोरंडा और चतरा के अधिकारियों की अदला-बदली
अधिसूचना के मुताबिक डोरंडा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में तैनात कार्यपालक अभियंता अमित कुमार को चतरा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल भेज दिया गया है। वहीं चतरा में कार्यरत विद्युत कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार सिंह को स्थानांतरित कर डोरंडा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल की कमान सौंपी गई है।

राजेश मंडल पहुंचे मुख्यालय, मिला अहम रोल
रांची पूर्वी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार मंडल को निगम मुख्यालय, रांची में पदस्थापित किया गया है। उन्हें यहां गवर्नमेंट एंड हाई वैल्यू कंज्यूमर विंग में वरीय प्रबंधक (तकनीकी) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा वे मुख्यालय स्थित जन समस्या निवारण केंद्र के कामों के साथ-साथ रांची क्षेत्र के पर्यवेक्षण संबंधी कामकाज भी देखेंगे।
रांची सेंट्रल और पूर्वी प्रमंडल में भी नए चेहरे
निगम मुख्यालय के जन समस्या निवारण केंद्र में वरीय प्रबंधक (तकनीकी) के पद पर तैनात अनुप प्रसाद को रांची केंद्रीय विद्युत आपूर्ति प्रमंडल का नया कार्यपालक अभियंता बनाया गया है। इसके अलावा रांची केंद्रीय विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अमित कुमार भगत का तबादला करते हुए उन्हें रांची पूर्वी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारी तुरंत प्रभाव से अपनी नई जिम्मेदारियों को संभालेंगे।


