
रोहतास: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर बिहार की सियासत गरमा गई है। रोहतास के सासाराम में भाजपा ने खड़गे के खिलाफ नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सोमवार को भाजपा सासाराम नगर अध्यक्ष संदीप कुमार सोनी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल नगर थाना पहुंचा और लिखित आवेदन सौंपा।
यह विवाद पटना में आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान खड़गे की टिप्पणी से जुड़ा है। भाजपा ने बयान को प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए बयान का अलग संदर्भ पेश किया है।

पटना में क्या बोले थे मल्लिकार्जुन खड़गे?
दरअसल, 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर कांग्रेस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर अपनी बात रखी।
खड़गे ने कहा था कि SIR में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएगा। इसी दौरान सभा में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि ‘मोदी नहीं जाएंगे’। इस पर जवाब देते हुए खड़गे ने कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’
खड़गे की इस टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में हंगामा हुआ और बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक टिप्पणी बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सासाराम नगर थाने में BJP ने दर्ज कराई प्राथमिकी
खड़गे के बयान के विरोध में भाजपा सासाराम नगर अध्यक्ष संदीप कुमार सोनी के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल नगर थाना पहुंचा। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की। इस दौरान भाजपा के विधि प्रकोष्ठ के संयोजक अधिवक्ता कमलेश कुमार सिन्हा समेत कई नेता और अधिवक्ता मौजूद रहे।
प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद संदीप कुमार सोनी ने कहा कि देश के लोकतांत्रिक माहौल, सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का किसी को भी अधिकार नहीं है। वहीं, अधिवक्ता कमलेश कुमार सिन्हा ने कहा कि कानून सबके लिए समान है, चाहे कोई किसी भी पद पर क्यों न हो।
भाजपा ने इस बयान के विरोध में देशभर में प्रदर्शन करने की घोषणा भी की है। इससे पहले पटना के कोतवाली थाने में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने भी खड़गे के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी।
कांग्रेस का पलटवार, पवन खेड़ा ने बताया बयान का संदर्भ
खड़गे के बयान को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार किया है। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि सभा में पहले भाजपा कार्यकर्ता ने चिल्लाकर कहा था कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे।
पवन खेड़ा के मुताबिक, खड़गे ने इसके जवाब में कहा था कि मोदी जरूर जाएंगे और उनके वैचारिक पिता भी जाएंगे। कांग्रेस ने बयान को भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संदर्भ में बताया है।
इस तरह खड़गे की टिप्पणी को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। भाजपा इसे प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति अपमानजनक बता रही है, जबकि कांग्रेस बयान के संदर्भ को लेकर अपना पक्ष रख रही है।
समाचार संकलन: विकास चंदन


