
Ranchi: लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर के 72 प्रमुख घाटों को तैयार करने का काम तेज कर दिया है। नदी, डैम और तालाबों की सफाई के लिए 1200 कर्मचारियों को फील्ड में उतारा गया है। इसके अलावा 75 ट्रैक्टर, 8 जेसीबी, 2 पोकलेन और पानी से जलकुंभी निकालने के लिए वीड हार्वेस्टर मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। नगर निगम का टारगेट है कि दीपावली तक सभी घाटों को पूरी तरह चमका दिया जाए। वहीं, मूर्ति विसर्जन के 24 घंटे के भीतर सारा अवशेष निकालकर ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव कराया जाएगा।
1400 से ज्यादा चेंजिंग रूम और मीट-मछली पर रोक
छठ व्रतियों की सुविधा और प्राइवेसी के लिए सभी 72 घाटों पर कुल मिलाकर 1400 से अधिक चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं। पहले जहां सिर्फ सिंगल लेयर कपड़ा लगता था, वहीं इस बार डबल लेयर कपड़ा लगाने और चेंजिंग रूम की छत को भी पूरी तरह ढंकने का सख्त निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही रांची नगर निगम ने इस बार पहली बार बड़ा फैसला लेते हुए खरना से लेकर छठ के समापन तक शहर में सभी मीट और मछली की दुकानों को पूरी तरह बंद रखने का आदेश जारी किया है।

रास्तों की मरम्मत और कंट्रोल रूम हेल्पलाइन
श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए घाटों तक जाने वाले सभी रास्तों को दुरुस्त किया जा रहा है। इसके साथ ही साफ-सफाई, पीने के पानी और लाइट की व्यवस्था पर सीधी नजर रखने के लिए नगर निगम ने कंट्रोल रूम एक्टिव कर दिया है। लोग किसी भी तरह की परेशानी या शिकायत के लिए सीधे टोल-फ्री नंबर 18005701235 पर कॉल करके अपनी बात दर्ज करा सकते हैं।


