
Khunti: खूंटी जिले के मुरहू प्रखंड अंतर्गत सोयको थाना क्षेत्र के बुड़जू गांव में गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी जीतराय मुंडा की 28 वर्षीया पत्नी सुबीता कुमारी अपने दो बेटों के साथ गांव के चेकडैम में नहाने गई थी। इस दौरान सुबीता और उसका छह वर्षीय बड़ा बेटा सुगना मुंडू गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। वहीं, दो वर्षीय छोटा बेटा सोमा मुंडू चेकडैम के किनारे ही रह गया, जिससे वह सुरक्षित बच गया।


पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना के समय किनारे खड़े मासूम के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रूप से प्रयास कर मां-बेटे को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया। इस दुखद घटना के बाद बुड़जू गांव में शोक की लहर है।


