
Chatra: चतरा जिले की नवादा पंचायत स्थित सिंदरी गांव में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत सामने आई है। प्रसव पीड़ा से तड़प रही गर्भवती महिला रिंकु देवी को लेने पहुंची सरकारी एंबुलेंस के चालक ने घाटी और खराब रास्ते का बहाना बनाकर वाहन को गांव के अंदर ले जाने से साफ इनकार कर दिया। चालक ने एंबुलेंस को गांव से काफी पहले सबानो के पास ही खड़ा कर दिया और आगे जाने से मना कर दिया।


पिता की गुहार बेअसर, चारपाई पर लादकर ले गए परिजन
गर्भवती महिला के पिता राजदेव गंझू ने काफी देर तक चालक के आगे हाथ जोड़े और गांव तक चलने की गुहार लगाई, लेकिन चालक अपनी जिद पर अड़ा रहा। कोई दूसरा रास्ता न देख परिजनों ने दर्द से छटपटा रही महिला को चारपाई पर लिटाया और कंधे पर उठाकर करीब डेढ़ किलोमीटर का सफर तय कर मुख्य सड़क तक पहुंचे। वहां से किसी तरह महिला को एंबुलेंस में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पक्की सड़क होने के बावजूद चालक की हठधर्मिता
ग्रामीणों ने चालक की इस हरकत पर गहरा आक्रोश जताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंदरी गांव तक बाकायदा पक्की सड़क बनी हुई है, जिससे रोजाना चारपहिया गाड़ियां और यहां तक कि भारी बोरिंग वाहन भी आसानी से आते-जाते हैं। ऐसे में चालक द्वारा घाटी का बहाना बनाकर गंभीर मरीज को लेने न जाना साफ तौर पर अमानवीय लापरवाही है। ग्रामीणों ने चतरा उपायुक्त से इस मामले की जांच कर दोषी चालक पर सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की है।


