
Hazaribagh: झारखंड के हजारीबाग में बुधवार सुबह नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। NIA की विशेष टीम ने सुबह-सुबह हरहुरू क्षेत्र स्थित शहीद सुभाष बारला मार्ग पर दो आवासीय परिसरों में एक साथ छापेमारी शुरू की। दोनों घरों को सुरक्षा घेरे में लेकर अंदर सघन तलाशी ली जा रही है।
बिहार के रहने वाले दो भाइयों के घरों पर दबिश
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिन ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है वे उदय साव और प्रदीप साव के बताए जा रहे हैं। दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और उन्होंने हाल ही में हजारीबाग के हरहुरू इलाके में अपने नए मकान बनाए थे। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम सुबह अचानक भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ इनके ठिकानों पर पहुंची और मुख्य दरवाजों को बंद कर जांच शुरू कर दी।

रेड की वजह का अभी औपचारिक खुलासा नहीं
घरों के अंदर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और दस्तावेजों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पड़ताल चल रही है। हालांकि, यह रेड किस पुराने मामले, टेरर फंडिंग, नक्सल कनेक्शन या संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़ी है, इसे लेकर NIA के अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है। स्थानीय पुलिस भी एजेंसी के सहयोग में बाहर तैनात है और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


