
Ramgarh: आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में कराने के लिए रामगढ़ जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। उपायुक्त (DC) ऋतुराज के निर्देश पर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों का आला अधिकारियों और दंडाधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों की स्थिति, निर्धारित सीटिंग प्लान, CCTV कैमरों की स्थिति, पीने के पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इसके अलावा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की चेकिंग (फ्रिस्किंग) और वीक्षकों की तैनाती को लेकर भी समीक्षा की गई।
2 पालियों में 20,293 अभ्यर्थी होंगे शामिल, SOP पालन की सख्त हिदायत
रामगढ़ जिले में JTET परीक्षा के सफल आयोजन के लिए कुल 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में कुल 20,293 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी, जिसमें 13,734 परीक्षार्थी बैठेंगे। वहीं दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी, जिसमें 6,559 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उपायुक्त ऋतुराज ने अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया है कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी अभ्यर्थी को कोई असुविधा न हो।



