
Palamu News: पलामू में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने ब्राउन शुगर के मुख्य सप्लायर चिंटू कुमार उर्फ राजा को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 256 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने 10 हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, SP कपिल चौधरी को इस कारोबार से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सदर SDPO राजेश यादव के नेतृत्व में चैनपुर थाना क्षेत्र के किन्नी पेट्रोल पंप के पास शाहपुर-गढ़वा मुख्य सड़क पर वाहन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान गढ़वा की तरफ से आ रही एक संदिग्ध कार के चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

कई जिलों में फैला था नशे का नेटवर्क
पुलिस की पूछताछ में चिंटू कुमार उर्फ राजा को पलामू, गढ़वा और लातेहार इलाके में सक्रिय ब्राउन शुगर के कारोबार का मुख्य सप्लायर बताया गया है। SP कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि वह कई सालों से नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल था और छोटे-छोटे सप्लायरों तक नशे की खेप पहुंचाता था।
पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार ऑपरेशन प्रहार के तहत जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और नशे की सप्लाई के पूरे रास्ते की जानकारी जुटाने में लगी है।


