
Palamu: पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बभंडी मोड़ के समीप रविवार शाम सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) आशीष रंजन पर जानलेवा हमला और लूटपाट का मामला सामने आया है। पतरिया उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित CHO आशीष रंजन ने बाइक सवार तीन युवकों पर ईंट-पत्थर और फाइटर पंच से हमला करने, कार के शीशे चकनाचूर करने तथा सोने की चेन, चांदी का ब्रेसलेट और पांच हजार रुपये नकद छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। इस अचानक हुए हमले में कार में सवार उनके मामा बलवंत सिंह भी घायल हो गए हैं।
ओवरटेक कर कार को रोका, फिर बोला हमला
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, रविवार 8 नवंबर की शाम करीब 7:45 बजे आशीष रंजन अपने मामा बलवंत सिंह के साथ वैगनआर कार (JH 01 FP 3113) से दीपावली की पूजा सामग्री खरीदने के लिए हैदरनगर बाजार आ रहे थे। इसी दौरान निचला मोड़ के पास पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने तेजी से उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि रुकते ही युवकों ने अचानक गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर और फाइटर पंच से वाहन पर हमला बोल दिया। इस हमले में कार के दाहिने हिस्से के दोनों शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए और कांच के टुकड़े लगने से उनके मामा चोटिल हो गए।

मारपीट के बाद गहने और नकदी छीनने का आरोप
सीएचओ आशीष रंजन ने थाने में दिए लिखित आवेदन में बताया कि हमलावरों ने उनके साथ हाथापाई और मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन, कलाई से चांदी का ब्रेसलेट और जेब में रखे पांच हजार रुपये नकद जबरन छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मनन्ना को दूरभाष पर पूरे मामले की सूचना दी, जिसके बाद क्षतिग्रस्त कार को थाना परिसर लाया गया।
तीन युवकों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज
पीड़ित स्वास्थ्य पदाधिकारी ने हैदरनगर थाने में लिखित तहरीर देकर तीन युवकों को नामजद आरोपी बनाया है। नामजद आरोपियों में बहेरा गांव निवासी मोनल सिंह उर्फ मोनू (पिता संजय सिंह), लोहारपुर निवासी सचिन सिंह (पिता मंगल सिंह उर्फ बीरेंद्र सिंह) और बभंडी मठ निवासी इरशाद (पिता छनछन नवाब) शामिल हैं।
CCTV फुटेज खंगालने और सुरक्षा की मांग
CHO ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने पुलिस से घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच करने, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को जब्त करने और छीने गए आभूषण व नकदी की बरामदगी की गुहार लगाई है।


