
Palamu: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के पलामू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा और उपाध्यक्ष सन्नू सिद्दीकी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर चैनपुर के अंचल अधिकारी (CO) समेत पलामू के कई अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। झामुमो नेताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर इन अधिकारियों पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने, सरकारी योजनाओं में घोर लापरवाही बरतने और आम लोगों को बेवजह परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
सरकार की छवि खराब करने वालों पर फूटा गुस्सा
जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि कुछ अफसरों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये की वजह से सरकार की छवि पर असर पड़ रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकारी कुर्सियां जनता की सेवा के लिए हैं, गरीबों का शोषण करने के लिए नहीं। कुछ अधिकारी खुद को नियम-कानून से ऊपर समझ रहे हैं, गरीबों की फाइलें रोककर रखते हैं और उन्हें बेवजह दफ्तरों के चक्कर कटवाते हैं।

सड़क से सरकार तक आंदोलन की चेतावनी
नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर इन अधिकारियों ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया, तो पार्टी इनके खिलाफ सड़क से लेकर सरकार के दरवाजे तक बड़ा आंदोलन करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए साफ किया कि भ्रष्टाचार पर सरकार का रुख बिल्कुल सख्त (जीरो टॉलरेंस) है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आदिवासियों, मूलवासियों और आम जनता के अधिकारों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी लापरवाह अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।


