
Palamu News: पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत तीनकोनिया के पास दिनदहाड़े एक महिला से 4 लाख रुपये छीनने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। घटना के महज 48 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के कुदागाखुर्द निवासी 25 वर्षीय हैदर अंसारी के रूप में हुई है। सबसे बड़ी बात यह रही कि पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छीने गए पूरे 4 लाख रुपये सही-सलामत बरामद कर लिए हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इलाज और कर्ज चुकाने के लिए निकाले थे रुपये
चैनपुर के सलतुआ निवासी ललीता देवी बुधवार (4 नवंबर) को दोपहर करीब 1 बजे पंजाब एंड सिंध बैंक से 4 लाख रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। यह रकम उन्होंने अपने बीमार पति के इलाज और कर्ज चुकाने के लिए निकाली थी। तभी तीनकोनिया के पास शिवाजी मैदान जाने वाले रास्ते की गली में एक अज्ञात युवक उनसे रुपयों से भरा झोला छीनकर फरार हो गया था। दिनदहाड़े बीच शहर में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश था और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव बढ़ गया था।

CCTV फुटेज और बयानों से खुला मामला
मेदिनीनगर SDPO राजेश यादव ने बताया कि घटना के तुरंत बाद शहर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस टीम ने महिला के बताए हुलिए और घटनास्थल के आसपास लगे कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी हैदर अंसारी को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर छीनी गई पूरी रकम बरामद कर ली गई।


