
Jharkhand: झारखंड के सबसे खूबसूरत और लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक पंचघाघ जलप्रपात जल्द ही बिल्कुल नए और आकर्षक अंदाज में नजर आने वाला है। राज्य पर्यटन विभाग की ओर से लगभग 7.5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से इसके सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम तेजी से कराया जा रहा है। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक पूरा हुआ, तो इस बार न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए पहुंचने वाले पर्यटकों को पंचघाघ का एक नया और बेहद सुव्यवस्थित रूप देखने को मिलेगा।

7.5 करोड़ की लागत से बदली जा रही तस्वीर
पंचघाघ फॉल में पर्यटकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए फुटब्रिज, सीढ़ियों और पैदल चलने वाले रास्तों का कायाकल्प किया जा रहा है। इन जगहों पर खूबसूरत डिजाइनदार टाइल्स लगाई जा रही हैं और सैलानियों के बैठने के लिए गुलाबी रंग की अट्रैक्टिव सीटें बनाई जा रही हैं। इसके अलावा परिसर में लगे पुराने होर्डिंग बोर्ड्स को हटाकर नए और आधुनिक बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जबकि सालों पुराने दुकानों और कियोस्क को अपग्रेड करके हाईटेक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।

सैलानियों के लिए नए भवन और आधुनिक शौचालय तैयार
नए साल और पिकनिक सीजन में यहां जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए नए भवनों के साथ-साथ आधुनिक शौचालयों का निर्माण काम भी तेजी से चल रहा है। वहीं मानसून के बाद अब पंचघाघ नदी का पानी धीरे-धीरे साफ और सामान्य हो रहा है। हरी-भरी वादियों, विशाल चट्टानों और नदी की पांच कलकल बहती धाराओं के बीच बसा यह पिकनिक स्पॉट अपनी कुदरती खूबसूरती को फिर से बिखेरने लगा है।
नए साल से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि नए साल के आगमन से पहले ही पंचघाघ जलप्रपात को पूरी तरह से नए कलेवर में ढाल दिया जाएगा। इस बार पिकनिक मनाने और छुट्टियां बिताने आने वाले लोगों को खूबसूरत नजारों के साथ-साथ पहले से कहीं ज्यादा सहूलियत और बेहतर अनुभव मिलने वाला है।


