
Pashchimi Singhbhum Police: पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में पुलिस और स्थानीय जनता के बीच लंबे समय से जारी गतिरोध आखिरकार बड़े प्रशासनिक फेरबदल के साथ समाप्त हो गया। थाना प्रभारी के कथित मनमाने रवैये और कार्यप्रणाली से क्षुब्ध ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, मानकी मुंडा संघ और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लंबे समय से विरोध का बिगुल फूंक रखा था। लगातार बढ़ती शिकायतों और जन आक्रोश को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने टोंटो थाना प्रभारी को हटाने का निर्णय लिया है।
चक्रधरपुर से आए विनोद पासवान संभालेंगे टोंटो की कमान
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के तहत चक्रधरपुर थाने में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक विनोद पासवान को अब टोंटो थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। जारी आदेश में नए थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे चौबीस घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान सुनिश्चित करें और इसकी अनुपालन रिपोर्ट अविलंब जिला पुलिस मुख्यालय को प्रेषित करें।

झामुमो प्रवक्ता और ग्रामीणों से दुर्व्यवहार पर भड़का था गुस्सा
स्थानीय स्तर पर यह प्रशासनिक कार्रवाई झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी और क्षेत्र के आम ग्रामीणों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के मामले के बाद और तेज हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके के निवासियों और परंपरागत मानकी मुंडा समुदाय में गहरा असंतोष फैल गया था। क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक और जनप्रतिनिधि लगातार उच्चाधिकारियों से मिलकर थानेदार को हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंप रहे थे।
पुलिस और जनता के बीच भरोसा बहाल करने की पहल
इलाके में विधि व्यवस्था बनाए रखने और जन भावनाओं का सम्मान करते हुए पुलिस अधीक्षक ने यह फेरबदल किया है। प्रशासन का मानना है कि इस त्वरित कदम से क्षेत्र में शांति का वातावरण बहाल होगा और पुलिस तथा स्थानीय जनता के बीच उपजे अविश्वास की खाई को पाटने में मदद मिलेगी। नया नेतृत्व जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा।


