
पटना: राजधानी में साइबर ठगी की दो अलग-अलग घटनाओं में ठगों ने दो लोगों के बैंक खातों से कुल 6.28 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली। पहली घटना में मोबाइल फोन खोने के बाद एसबीआई और एक्सिस बैंक खातों से यूपीआई के जरिए 3.33 लाख रुपये निकाल लिए गए। वहीं, दूसरी घटना में कार्यालय के काम से लखनऊ गए राजा बाजार निवासी व्यक्ति के आईसीआईसीआई बैंक खाते से चार बार में 2.95 लाख रुपये की ठगी की गई।
दोनों पीड़ितों ने पटना साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल खोने के बाद खातों से उड़ाए 3.33 लाख रुपये
मेहंदीगंज निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि 18 अक्टूबर को अपने नवनिर्मित गोदाम में जाने के दौरान उनका मोबाइल फोन खो गया था। इस संबंध में उन्होंने मेहंदीगंज थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
पीड़ित के अनुसार, उसी दिन उन्होंने अपना मोबाइल नंबर पोर्ट कराकर नया सिम चालू करा लिया था। इसके बाद उनके एसबीआई और एक्सिस बैंक खातों से यूपीआई के माध्यम से कुल 3,33,499 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
पीड़ित ने इस संबंध में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बाद पटना साइबर थाना में आवेदन दिया है। उन्होंने ठगी की रकम बरामद कराने की गुहार लगाई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ में मीटिंग के दौरान खाते से निकले 2.95 लाख
साइबर ठगी की दूसरी घटना में गोपालगंज के मूल निवासी और वर्तमान में राजा बाजार में रहने वाले व्यक्ति को निशाना बनाया गया। उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से साइबर ठगों ने 2.95 लाख रुपये की निकासी कर ली।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 28 अक्टूबर को वह कार्यालय के काम से मीटिंग में शामिल होने लखनऊ गए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये कटने का मैसेज आया।
मोबाइल चेक करने पर पता चला कि खाते से चार अलग-अलग बार में कुल 2.95 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। इसके बाद पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ पटना साइबर थाना में भी आवेदन दिया। उन्होंने ठगी की रकम वापस कराने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


