
पटना: दशहरा के अवसर पर 20 अक्टूबर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य रावण वध कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात की विशेष व्यवस्था की है। गांधी मैदान की ओर जाने वाली कई सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, जबकि कुछ रास्तों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

यातायात व्यवस्था में बदलाव 20 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से रावण वध कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा। हालांकि, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के साथ निर्धारित नियमों के तहत वैध पास वाले वाहनों को आने-जाने की अनुमति रहेगी।

गांधी मैदान के आसपास कई रास्तों पर वाहनों की एंट्री बंद
गांधी मैदान के आसपास यातायात व्यवस्था सख्त रहेगी। डाकबंगला चौराहे और भट्टाचार्य चौराहे से गांधी मैदान की ओर जाने वाले वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी। नेहरू पथ से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को आयकर गोलंबर से डायवर्ट किया जाएगा। रिक्शा, ठेला और ऑटो को भी आयकर गोलंबर से दाहिनी ओर वीरचंद पटेल पथ की तरफ भेजा जाएगा।
इसके अलावा, आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ पर गोलंबर से गांधी मैदान की ओर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। रामगुलाम चौक से पश्चिम की ओर जेपी गोलंबर जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क के बीच का मार्ग सुरक्षित रखा जाएगा।
ठाकुरबाड़ी मोड़ और बाकरगंज मोड़ से पश्चिम दिशा में गांधी मैदान की ओर जाने वाले रास्ते भी बंद रहेंगे। आईएमए हॉल, होटल पनास, ट्विन टावर और मौर्या होटल के पास स्थित कटिंग से भी गांधी मैदान की ओर वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकेगी।
अशोक राजपथ और बुद्ध मार्ग पर भी बदलेगा ट्रैफिक रूट
रावण वध कार्यक्रम को लेकर अशोक राजपथ पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। गोविंद मित्रा रोड मोड़ से पश्चिम की ओर कारगिल चौक जाने वाले वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
वहीं, बुद्ध मार्ग पर कोतवाली टी से पुलिस लाइन तिराहे तक गांधी मैदान की ओर जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे। ऐसे में इन इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
डाकबंगला से भट्टाचार्य चौराहे तक होगा डायवर्जन
यातायात पुलिस के निर्धारित प्लान के अनुसार, डाकबंगला चौराहे से आने वाले वाहनों को न्यू डाकबंगला रोड की ओर भेजा जाएगा। भट्टाचार्य मोड़ से आने वाले वाहनों को राजेंद्र पथ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
पटना सिटी से पटना जंक्शन जाने वाले वाहन चालकों को भी गांधी मैदान की ओर जाने से बचना होगा। अशोक राजपथ की ओर से आने वाले वाहन गांधी चौक, भिखना पहाड़ी मोड़, बारी पथ, मछुआटोली, दिनकर गोलंबर, नाला रोड, अप्सरा गोलंबर और सीडीए बिल्डिंग होते हुए पटना जंक्शन पहुंच सकेंगे।
दानापुर से गांधी मैदान की ओर आने वाले वाहन राजापुर पुल से बाईं ओर मुड़कर बोरिंग रोड चौराहे की तरफ जा सकेंगे। वहीं, पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर जाने वाले वाहनों के लिए डाकबंगला, न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्य चौराहा, सीडीए बिल्डिंग और गोरियाटोली के रास्ते की व्यवस्था बताई गई है।
रावण वध देखने जाने वालों के लिए पार्किंग की व्यवस्था
कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों के वाहनों के लिए कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें शामिल हैं:
- जेपी गंगा पथ का एक फ्लैंक
- मौर्यालोक परिसर
- वीरचंद पटेल पथ की सर्विस लेन
- हार्डिंग रोड पर जीपीओ से आर ब्लॉक चौराहे तक सड़क किनारे एक लेन
- एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट परिसर
- ज्ञान भवन परिसर
एसबीआई परिसर में केवल पासधारक वाहनों को पार्किंग की अनुमति होगी।
ट्रैफिक एसपी ने लोगों से की अपील
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार के मुताबिक, रावण वध देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के गांधी मैदान पहुंचने और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रमुख सड़कों पर वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया गया है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 20 अक्टूबर को गांधी मैदान के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं। घर से निकलने से पहले वैकल्पिक रास्ते की जानकारी ले लें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। इससे जाम और यातायात संबंधी परेशानियों से बचने में मदद मिलेगी।


