
Ranchi: राजधानी रांची में आदिवासी समाज की मुखर आवाज और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत ने कथित तौर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस आत्मघाती कदम को उठाने से ठीक पहले वह फेसबुक पर लाइव आई थीं, जहां उन्होंने रोते हुए झारखंड सरकार, स्थानीय पुलिस प्रशासन और जमीन दलालों की कार्यशैली पर बेहद संगीन आरोप लगाए। लाइव वीडियो के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और संबंधित थानेदारों को फोन मिलाकर संपर्क करने की भी कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं बन सकी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच कर रही है।
फेसबुक पर लिखा आखिरी संदेश, सिस्टम पर खड़े किए सवाल
निशा भगत लंबे समय से आदिवासियों की जमीन की रक्षा और उनके हक-अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाती रही थीं। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद और प्रशासनिक अनदेखी के चलते वह पिछले कुछ समय से भारी मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। आत्महत्या करने से करीब तीन घंटे पहले उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी। इस पोस्ट में उन्होंने सीधे तौर पर झारखंड पुलिस को अपनी स्थिति का जिम्मेदार ठहराते हुए लिखा था कि न डरते हैं मिशनरी से, न बिकते हैं पैसों से, सरकार किसी की भी हो, जमीन हमारी है, जान हमारी है।

शव को भेजा गया रिम्स, सोशल मीडिया फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान यानी रिम्स भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के कमरे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। इसके साथ ही खुदकुशी से ठीक पहले सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए लाइव वीडियो और पोस्ट की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि मौत के पीछे की असली वजहों और लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आ सके।
बाबूलाल मरांडी ने मांगा मुख्यमंत्री का इस्तीफा
इस घटना के सामने आने के बाद राज्य में सियासी पारा भी चढ़ गया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मामले पर गहरा दुख जताते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ने वाली युवा नेत्री को इस हद तक प्रताड़ित किया गया कि उन्हें अपनी जान देनी पड़ी, जो बेहद शर्मनाक है। मरांडी ने आरोप लगाया कि निशा ने मुख्यमंत्री, पिठोरिया थाना प्रभारी और अजय तिर्की को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के थानों और अंचलों में जमीन लूट का खुला खेल चल रहा है। मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए नामजद लोगों की अविलंब गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है।


