
दिवाली नजदीक आते ही बाजारों में मिट्टी के दीयों की मांग बढ़ने लगी है। लेकिन चक्रवाती तूफान अर्णव के असर और खराब मौसम ने कुम्हारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश और मौसम की अनिश्चितता के कारण इस बार पिछले साल की तुलना में मिट्टी के दीयों और अन्य बर्तनों का उत्पादन कम हुआ है। मौसम में सुधार के बाद कारीगर अब परिवार के साथ दीये बनाने में जुट गए हैं।
पूर्णिया शहर के धीमा गांव में जोगिंदर पंडित का परिवार पिछले करीब 35 वर्षों से मिट्टी के दीये तैयार कर रहा है। दिवाली के दौरान यही काम परिवार की आमदनी का प्रमुख सहारा बनता है। हालांकि, इस बार मौसम की मार के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है।

मौसम की मार से उत्पादन पर असर
कुम्हार परिवारों के लिए दिवाली का मौसम सालभर की मेहनत और कमाई का अहम समय होता है। दीये तैयार करने के लिए मिट्टी को सुखाना और उन्हें पकाना जरूरी होता है। खराब मौसम के कारण यह प्रक्रिया प्रभावित हुई है।
मौसम ठीक होने के बाद कारीगरों ने फिर से काम तेज कर दिया है। परिवार के सदस्य मिलकर दीये बना रहे हैं, ताकि दिवाली से पहले बाजार की मांग पूरी की जा सके।
चीनी लाइट से भी बढ़ी मुश्किलें
कुम्हार परिवार की सुनीता देवी ने बताया कि मौसम की मार के साथ-साथ चीनी लाइट के बढ़ते इस्तेमाल ने भी पारंपरिक कारोबार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उनके मुताबिक, मिट्टी के दीये बनाने में मेहनत अधिक लगती है, जबकि बाजार में बिजली से चलने वाली सजावटी लाइटों की वजह से प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है।
दिवाली पर मिट्टी के दीये जलाने की परंपरा आज भी कायम है। ऐसे में कुम्हारों को उम्मीद है कि लोग स्थानीय कारीगरों से दीये खरीदकर उनके पारंपरिक व्यवसाय को सहारा देंगे।
(गौरव गुप्ता की रिपोर्ट)


