
Jamshedpur: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की वारदात पर जमशेदपुर पूर्वी की MLA पूर्णिमा साहू ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने रविवार को NCW की अध्यक्ष को पत्र लिखकर इस संगीन मामले में तुरंत दखल देने और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। MLA ने पत्र में गहरी चिंता जताते हुए कहा कि जिस पुलिस पर महिलाओं की सुरक्षा और न्याय की जिम्मेदारी है, उसी के परिसर में पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगना राज्य की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
CCTV फुटेज सुरक्षित करने की मांग
पूर्णिमा साहू ने NCW से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने आयोग से अपील की कि गम्हरिया थाना परिसर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज सहित सभी अहम डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों को बिना किसी छेड़छाड़ के तुरंत सुरक्षित कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों को पर्याप्त सुरक्षा, मेडिकल सहायता और मुफ्त विधिक मदद उपलब्ध कराने के लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश देने की बात कही।

लापरवाह पुलिसकर्मियों पर एक्शन
MLA ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस मामले में कार्रवाई सिर्फ निलंबन और एक आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। यदि तफ्तीश के दौरान किसी भी अन्य पुलिसकर्मी की लापरवाही, मिलीभगत या साक्ष्य छिपाने की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कठोर कानूनी और विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस स्टेशन महिलाओं के लिए सुरक्षा और भरोसे की जगह होने चाहिए, न कि भय और शोषण की, इसलिए किसी भी स्तर पर आरोपियों को बचाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


