
Hazaribagh: हजारीबाग के उरीमारी इलाके में किसी बड़ी अप्रिय वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को पुलिस ने धर दबोचा है। SP हजारीबाग को 3 नवंबर को खुफिया इनपुट मिला था कि गैंग का एक संदिग्ध सदस्य बाइक पर सवार होकर गिद्दी-हेसला टांड़ के रास्ते उरीमारी की तरफ बढ़ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया और बड़कागांव SDPO अमित आनंद के नेतृत्व में एक स्पेशल रेडिंग टीम बनाई गई। टीम ने गरसुल्ला स्थित उरीमारी-गिद्दी बॉर्डर पुलिया के पास रणनीतिक घेराबंदी की और बाइक सवार संदिग्ध युवक को मौके पर ही रोक लिया।
गोलियां और तस्वीरें बरामद
पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान रामगढ़ कैंट के गोलपार निवासी निर्मल पंडित उर्फ सुमित (25 वर्ष) के रूप में बताई। जब पुलिस टीम ने उसकी सघन तलाशी ली, तो उसके पास से 7.62 MM की 4 जिंदा गोलियां, एक मोबाइल फोन और वारदात के लिए इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस द्वारा जब उसके मोबाइल की गैलरी और डेटा को खंगाला गया, तो उसमें पिस्टल के साथ उसकी कई तस्वीरें भी मिलीं। सघन पूछताछ के दौरान आरोपी ने राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने की बात कबूल की और खुलासा किया कि वह उरीमारी इलाके में किसी संगीन वारदात को अंजाम देने की नीयत से ही पहुंचा था।

Arms Act में केस दर्ज
इस मामले में बड़कागांव (उरीमारी) थाना कांड संख्या 196/26 के तहत Arms Act समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। समय रहते हुई इस त्वरित गिरफ्तारी से उरीमारी कोल बेल्ट में होने वाली एक संभावित हिंसक घटना टल गई। इस सफल ऑपरेशन में SDPO अमित आनंद और पुलिस पदाधिकारी शाहिद रजा के साथ उरीमारी OP के सशस्त्र बल और जवान शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल नेटवर्क और संपर्कों को खंगालकर गिरोह के बैकवर्ड लिंक्स और अन्य मददगारों की तलाश में जुटी है।


