
Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का बहुप्रतीक्षित झारखंड दौरा अब दीवाली और छठ महापर्व के बाद आयोजित किया जाएगा। पहले उनका यह कार्यक्रम नवंबर के पहले हफ्ते में प्रस्तावित था, लेकिन त्योहारों के सीजन और दिल्ली में पार्टी के बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों को देखते हुए इसमें फेरबदल किया गया है। अब पूरी संभावना बन रही है कि उनका यह एक दिवसीय झारखंड दौरा 15 नवंबर के बाद यानी नवंबर के तीसरे हफ्ते में झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र से ठीक पहले रखा जाएगा। इस एक दिवसीय दौरे के दौरान वे रांची और खूंटी में आयोजित अलग-अलग अहम कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
दिल्ली रैली पर फोकस
राहुल गांधी के दौरे की अंतिम तारीख पर आधिकारिक मुहर 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की महारैली के बाद लगेगी। फिलहाल झारखंड प्रदेश कांग्रेस के तमाम MP, MLA, बड़े पदाधिकारी और जमीनी कार्यकर्ता दिल्ली की इस रैली को सफल बनाने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। प्रदेश नेतृत्व ने सभी वरिष्ठ नेताओं को ज्यादा से ज्यादा संख्या में समर्थकों के साथ दिल्ली पहुंचने का टास्क सौंपा है। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू विदेश दौरे से एक-दो दिन में भारत लौट रहे हैं और वे 1 नवंबर की रैली में झारखंड की अगुवाई करेंगे। इसके तुरंत बाद वे दिल्ली में प्रदेश नेताओं के साथ हाईलेवल बैठक कर राहुल गांधी के झारखंड दौरे की संभावित तारीखों को अंतिम रूप देंगे।

PESA पर सीधी बात
इस दौरे का सबसे बड़ा और प्रमुख राजनीतिक केंद्र खूंटी बनने वाला है, जहां राहुल गांधी PESA कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पारंपरिक ग्राम सभाओं के प्रधानों के साथ सीधे वन टू वन चर्चा करेंगे। इस संवाद का मुख्य मकसद आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को लेकर जमीनी स्तर से सीधा फीडबैक लेना है। खूंटी के इस जनसंवाद कार्यक्रम के अलावा राहुल गांधी राजधानी रांची में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक बड़ी संगठनात्मक बैठक में भी शामिल होंगे, जहां वे संगठन को नई मजबूती देने और आगे की रणनीतियों पर खुलकर मंथन करेंगे।


