
Ramgarh SWM processing plant: रामगढ़ के मुर्रामकलां स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रस्तावित Solid Waste Management यानी SWM प्रोसेसिंग प्लांट को लेकर प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। DC ऋतुराज ने खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर चल रहे कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा की। करीब दो महीने पहले इस प्रस्तावित साइट पर लगभग 42,000 मीट्रिक टन से अधिक कचरे का अंबार लगा हुआ था, जिसे हटाना प्लांट निर्माण के लिए सबसे बड़ा चैलेंज बना हुआ था। भारी बारिश की चुनौतियों के बावजूद DC की लगातार मॉनिटरिंग और पिछले दो महीनों में तीन बार किए गए निरीक्षण का ही नतीजा है कि अब साइट से कचरा पूरी तरह हटाकर इसे प्लांट निर्माण के लिए रेडी कर दिया गया है।
मार्च 2027 की डेडलाइन
निरीक्षण के दौरान DC ने SWM प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण कर रही एजेंसी को डिटेल्ड एक्शन प्लान तैयार कर तुरंत पेश करने का निर्देश दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि प्लांट निर्माण और बाउंड्री वॉल का काम अलग-अलग टीमें बनाकर पैरेलल चलाया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर काम न रुके। DC ने एजेंसी को सख्त हिदायत देते हुए 31 मार्च 2027 तक सभी जरूरी आधारभूत संरचनाओं का निर्माण हर हाल में पूरा करने की डेडलाइन तय की है, जिससे शहर से निकलने वाले रोजाना के कचरे का साइंटिफिक डिस्पोजल शुरू किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने रामगढ़ नगर परिषद और रामगढ़ कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों को प्लांट शुरू होने तक डेली वेस्ट के व्यवस्थित डंपिंग और मैनेजमेंट के लिए उपलब्ध संसाधनों का पूरा इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।

लिगेसी वेस्ट पर DPR
ग्राउंड पर पहले से डंप पुराने लिगेसी वेस्ट के स्थायी समाधान को लेकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि इसके निष्पादन के लिए एक विस्तृत DPR तैयार कराई जा रही है। विभागीय अप्रूवल मिलते ही तय नियमों के तहत पुराने कचरे के निष्पादन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वहीं बाउंड्री वॉल निर्माण की धीमी रफ्तार देखकर DC ने एजेंसी पर नाराजगी जताई और तय टाइमलाइन के भीतर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस इंस्पेक्शन के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रंधीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन, सिटी मैनेजर राजीव रंजन और मेघनाथ चौधरी, एजेंसी प्रतिनिधि प्रमोद कुमार सहित कैंटोनमेंट बोर्ड के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


