
Ranchi: भारतीय जनता पार्टी ने लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान के तहत सोमवार को राजधानी रांची की सड़कों पर विशाल पदयात्रा निकाली। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के समर्थन और इसके खिलाफ कांग्रेस व विपक्षी गठबंधन द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रम के विरोध में यह आयोजन किया गया। पदयात्रा मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से शुरू होकर कचहरी चौक होते हुए जेल मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति संग्रहालय पहुंची। वहां नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने धरती आबा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का समापन किया। इस दौरान विपक्षी गठबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी हुई।
मॉक पार्लियामेंट से कोई प्रधानमंत्री नहीं बन जाता, जुएल उरांव का तंज


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री एवं प्रभारी जुएल उरांव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष का लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी व्यवस्था से भरोसा पूरी तरह उठ चुका है। प्रधानमंत्री बनने के लिए जनता का जनादेश और संसद का चुनाव जीतना पड़ता है, अपने घरों में मॉक पार्लियामेंट चलाकर कोई देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता। उन्होंने याद दिलाया कि विधान परिषद चुनाव बैलेट पेपर से हुए, फिर भी जनता ने कांग्रेस को नकार दिया। उरांव ने आरोप लगाया कि विपक्ष देश में बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल जैसी राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की फिराक में है, लेकिन भारत का लोकतंत्र बेहद मजबूत है।
दस बार कांग्रेस के दौर में हुआ एसआईआर, अब क्यों विरोध, गजेंद्र पटेल का सवाल

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि देश में अब तक 12 बार विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जिनमें से 10 बार यह कवायद कांग्रेस के शासनकाल में ही हुई। उस वक्त कांग्रेस ने कभी सवाल नहीं उठाए, लेकिन आज जब वोटर लिस्ट से मृत और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं, तो कांग्रेस को दर्द हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अवैध वोटरों और घुसपैठियों के सहारे चुनावी वैतरणी पार करना चाहती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी दलों के बीएलए की मौजूदगी में यह काम हो रहा है और किसी भी वैध नागरिक का नाम सूची से नहीं कटेगा।
वंशवाद और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले को लेकर बरसे प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने छह दशकों तक केवल परिवारवाद को पोषा है। उन्हें एक गरीब पृष्ठभूमि से निकलकर प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी का नेतृत्व पच नहीं रहा है। साहू ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस या उसके सहयोगी जीतते हैं, वहां वे ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया को सही मानते हैं, लेकिन हारते ही संवैधानिक संस्थाओं और सुप्रीम कोर्ट पर सवाल उठाने लगते हैं। अगर चुनावी व्यवस्था में खोट होती तो झारखंड में विपक्षी गठबंधन की सरकार कभी नहीं बनती।
बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और सरयू राय ने भी विपक्ष को घेरा
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राहुल गांधी और उनके सहयोगी देश में अराजकता का माहौल तैयार करना चाहते हैं, जिसके खिलाफ जनता को जागरूक करना भाजपा का कर्तव्य है। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्र सेवा का संकल्प दिलाते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता से खिलवाड़ करने वाली ताकतों को जनता माकूल जवाब दे रही है। वहीं विधायक सरयू राय ने कहा कि घरों में संसद का नाटक रचकर संसदीय मर्यादाओं की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
इस विशाल पदयात्रा में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय, दीपक प्रकाश, संगठन महामंत्री पवन साय, उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, महामंत्री मनोज सिंह, सुनीता सिंह, अमित सिंह, दीपक बंका और हेमंत दास समेत भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


