
Ranchi News: दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाले ध्वनि और वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने तथा आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए रांची जिला प्रशासन और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने संयुक्त एडवाइजरी जारी की है। जारी निर्देशों के अनुसार दीपावली की रात केवल 8 बजे से 10 बजे तक, यानी कुल दो घंटे ही पटाखे फोड़ने की अनुमति होगी। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद आतिशबाजी करने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिले के सभी संबंधित थानों को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आम नागरिकों से इन नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
केवल चिह्नित स्थलों पर बिक्री की अनुमति, स्टेडियम में रोक
रांची जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में पटाखों की बिक्री और भंडारण को लेकर भी कड़े नियम तय किए गए हैं। पटाखों की बिक्री केवल प्रशासन और रांची नगर निगम द्वारा अधिकृत एवं निर्धारित वेंडिंग जोन में ही की जा सकेगी। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम सहित अन्य प्रतिबंधित सार्वजनिक स्थलों पर पटाखों की दुकानें लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पूर्व अनुमति के पटाखों की अनधिकृत बिक्री और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ छापेमारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

125 डेसीबल से अधिक आवाज वाले पटाखों पर पाबंदी
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पटाखों की तीव्रता को लेकर भी सीमा रेखा तय कर दी है। इसके तहत 125 डेसीबल से अधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखों के निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। विक्रेताओं को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और दुकानों के पास आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से समय रहते निपटा जा सके।
छठ, गुरुपर्व और नए साल के लिए भी समय सीमा तय
झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आगामी सभी प्रमुख त्योहारों के लिए पटाखे फोड़ने की अलग-अलग समय सीमा निर्धारित कर दी है। जारी आदेश के तहत दीपावली और गुरुपर्व के अवसर पर रात 8 बजे से रात 10 बजे तक आतिशबाजी की अनुमति रहेगी। वहीं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान सुबह 6 बजे से सुबह 8 बजे तक पटाखे फोड़े जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त क्रिसमस और नववर्ष की पूर्व संध्या पर पटाखे फोड़ने के लिए देर रात 11 बजकर 55 मिनट से मध्य रात्रि 12 बजकर 30 मिनट तक का समय निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।


