
Ranchi News : झारखंड के जाने-माने वनस्पति वैज्ञानिक और रांची के बेड़ो स्थित करमचंद भगत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रसंजित मुखर्जी को वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे शोध और महत्वपूर्ण योगदान के लिए IBS-AIBC Companion Award–2026 से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान रविवार, 1 नवंबर को भारतीय वनस्पति सोसायटी की 49वीं वार्षिक एवं अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन समारोह में दिया गया। डॉ. मुखर्जी को मिले इस सम्मान से करमचंद भगत कॉलेज और रांची विश्वविद्यालय से जुड़े शिक्षकों तथा शोधकर्ताओं में खुशी है।
भारतीय वनस्पति सोसायटी की ओर से 1 से 3 नवंबर तक ‘Advances in Plant Sciences and Accelerating Sustainable Innovations for Bioenergy (APSAIB)’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन के पहले दिन डॉ. मुखर्जी को उनके लंबे शोध कार्य और वनस्पति विज्ञान में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

यह पुरस्कार भारतीय वनस्पति सोसायटी की अध्यक्ष डॉ. शांति शर्मा, सचिव डॉ. शेषु लवानिया, केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान (CFTRI) के निदेशक डॉ. पी. गिरिधर और मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की कुलपति डॉ. वाई. विमला ने प्रदान किया।

झारखंड के जंगलों, पौधों और जल क्षेत्रों पर किया महत्वपूर्ण शोध
डॉ. प्रसंजित मुखर्जी लंबे समय से झारखंड की वनस्पतियों और जैव-विविधता पर शोध कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से पौधों की पहचान और वर्गीकरण, वनस्पतियों के पर्यावरण से संबंध, तालाबों और अन्य जल क्षेत्रों की पारिस्थितिकी तथा जलीय और जमीन पर उगने वाले पौधों के अध्ययन पर काम किया है।
उनके शोध का एक महत्वपूर्ण हिस्सा झारखंड में पाई जाने वाली अलग-अलग प्रजातियों के पौधों की पहचान, उनके वैज्ञानिक रिकॉर्ड तैयार करने और उनके संरक्षण से जुड़ा रहा है। उनके काम से राज्य की जैव-विविधता को समझने और उसके संरक्षण से जुड़े शोध को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।
डॉ. मुखर्जी ने रांची विश्वविद्यालय से डॉ. ज्योति कुमार के निर्देशन में डॉक्टर ऑफ साइंस (D.Sc.) की उपाधि प्राप्त की है। वे वनस्पति विज्ञान में शोध के साथ-साथ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और वर्तमान में करमचंद भगत कॉलेज, बेड़ो के प्राचार्य हैं।
रांची विश्वविद्यालय के कुलपति और शिक्षाविदों ने दी बधाई
डॉ. प्रसंजित मुखर्जी को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सम्मान मिलने पर शिक्षा जगत से जुड़े कई लोगों ने खुशी जताई है। उनके Ph.D. शोध निर्देशक डॉ. टी. घोष, D.Sc. शोध निर्देशक और रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. ज्योति कुमार, पूर्व कुलपति डॉ. कामिनी कुमार, वर्तमान कुलपति डॉ. सरोज शर्मा और कुलसचिव डॉ. राजकुमार शर्मा ने उन्हें बधाई दी है।
इसके अलावा डॉ. एम. जी. तिवारी समेत कई शिक्षाविदों ने भी उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी हैं।
डॉ. मुखर्जी को मिला यह सम्मान करमचंद भगत कॉलेज, रांची विश्वविद्यालय और झारखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। खासकर राज्य की वनस्पतियों और जैव-विविधता पर किए गए उनके शोध को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने से यहां के शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।


