
Ranchi : राजधानी रांची के जगरनाथपुर थाना एरिया से 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। हराटांड़ के रहने वाले बिनय साहू ने ‘श्री साई एंटरप्राइजेज’ के मालिक प्रभाकर कुमार और उनके भाई दिवाकर कुमार पर लाखों रुपये उधार लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी और ठगी की धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

2021 से 2022 के बीच लिए थे 17 लाख
बिनय साहू ने पुलिस को बताया कि उनकी पहचान साल 2017 में प्रभाकर और दिवाकर से हुई थी, जो बिरसा चौक के पास गैमन गली में ‘श्री साई एंटरप्राइजेज’ का ऑफिस चलाते थे। दोनों भाइयों ने अर्जेंट काम का हवाला देकर 2021 से 2022 के बीच कई बार में कुल 17 लाख रुपये उधार लिए। बिनय ने यह रकम अपने जानने वालों से जुटाकर उनके ऑफिस में दी थी।

सिक्योरिटी चेक दिया, पर बैंक में हो गया बाउंस
पैसे लेते वक्त दोनों भाइयों ने वादा किया था कि वे एक साल के अंदर सारा पेमेंट क्लियर कर देंगे। गारंटी के तौर पर उन्होंने अपनी कंपनी के 5 सिक्योरिटी चेक भी दिए थे। लेकिन टाइम पूरा होने पर जब बिनय ने पैसे मांगे, तो दोनों टालमटोल करने लगे। लगातार प्रेशर बनाने पर 2023 में उन्होंने सिर्फ 2 लाख रुपये ही लौटाए। जब बिनय ने उनके दिए चेक को बैंक में जमा किया, तो वह बाउंस हो गया।
ऑफिस बंद कर हुए रफूचक्कर
बाकी के 15 लाख रुपये मांगने पर जब बिनय उनके बिरसा चौक वाले ऑफिस पहुंचे, तो पता चला कि दोनों भाई रातों-रात ऑफिस खाली करके गायब हो चुके हैं। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो पीड़ित ने जगरनाथपुर थाने पहुंचकर दोनों भाइयों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।


