
Ranchi: राजधानी रांची के हरमू इलाके में रंगदारी न देने पर एक 52 वर्षीय महिला डॉक्टर निशि कुमारी के साथ मारपीट, बदसलूकी और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना 13 अक्टूबर की सुबह करीब 6:00 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता ने अरगोड़ा थाना में लिखित शिकायत देकर ज्ञान गौरव और सौरभ सुमन के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई है।

‘जमीन पर रहना है तो पैसे देने ही होंगे’
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, दोनों आरोपी हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित डॉक्टर के फ्लैट में जबरन घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। जब डॉक्टर ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। आरोपियों ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि अगर रांची की जमीन पर रहना है, तो रंगदारी के पैसे देने ही पड़ेंगे।

कपड़े फाड़े, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनका हाथ खींचा, उनके कपड़े फाड़ डाले और उनकी मर्यादा भंग करने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपियों ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और भारी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
अरगोड़ा पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद दहशत में आई पीड़िता ने सीधे अरगोड़ा थाना पहुंचकर पूरी आपबीती सुनाई और लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने ज्ञान गौरव और सौरभ सुमन के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश व मामले की तफ्तीश में जुट गई है।


