
Ranchi News: दीपावली के त्योहार को देखते हुए राजधानी रांची में पटाखा बाजार लगाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार जयपाल सिंह मुंडा मैदान के ठीक सामने कुल 21 पटाखा दुकानें लगाई जाएंगी। जिला प्रशासन और रांची नगर निगम के बीच हुई अहम बैठक में पिछले सालों की तरह ही इस निर्धारित जगह पर पटाखों की बिक्री की अनुमति देने पर सहमति बन गई है। इस फैसले के बाद पटाखा कारोबारियों के बीच दुकान लगाने को लेकर बना असमंजस पूरी तरह खत्म हो गया है और अब प्रशासन से अनुमति प्राप्त दुकानदार अपनी दुकानें सजा सकेंगे।
BNSS में संशोधन
दुकानें लगाने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए SDM की ओर से BNSS की धारा 163 के तहत पहले से जारी निषेधाज्ञा आदेश में जरूरी संशोधन किया गया है। इस संशोधन के तहत तय जगह पर प्रशासन से विधिवत अनुमति प्राप्त दुकानदारों को नियमों के दायरे में रहकर पटाखे बेचने की विशेष छूट दी गई है। हालांकि प्रशासन ने दो टूक निर्देश दिया है कि सभी दुकानदारों को सुरक्षा मानकों और सरकारी गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन करना अनिवार्य होगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पटाखा बाजार सुबह 9 बजे से लेकर रात 11 बजे तक संचालित किया जाएगा। आगजनी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पूरे बाजार परिसर में 5 सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। इसके अलावा दमकल की गाड़ी, अग्निशमन उपकरण और पर्याप्त मात्रा में बालू की व्यवस्था की गई है। दुकानदारों ने भी किसी भी अनहोनी की स्थिति में तुरंत एक्शन लेने के लिए अपने स्तर पर अतिरिक्त फायर सेफ्टी इंतजाम किए हैं।


