
Ranchi: दीपों के पर्व दीपावली को लेकर राजधानी रांची के बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है और लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों, चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।
जुआ और अड्डेबाजी करने वालों पर विशेष नजर
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ छिनतई और चोरी जैसी आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सादे लिबास में भी जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा त्योहार के मौके पर अवैध रूप से जुआ खेलने और विभिन्न इलाकों में अड्डेबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ चिन्हित कर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अग्निशमन विभाग को आपातकालीन अलर्ट
दीपावली की रात आतिशबाजी के दौरान आगजनी की संभावित घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अग्निशमन विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दमकल की गाड़ियों और विशेष दस्तों को शहर के रणनीतिक बिंदुओं पर तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आग लगने की किसी भी सूचना पर दमकल की टीमें बिना किसी देरी के तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करेंगी, ताकि जान-माल के नुकसान से बचा जा सके।


