
Ranchi: दिवाली और छठ महापर्व को देखते हुए रांची पुलिस ने ऑन-ग्राउंड सुरक्षा पुख्ता करने के साथ-साथ डिजिटल स्पेस पर भी सख्त निगरानी शुरू कर दी है। त्योहारों के मौके पर किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक संदेशों से शांति व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को 24 घंटे एक्टिव मोड पर रखा गया है। पुलिस की टेक्निकल विंग तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर गड़ाए हुए है, ताकि किसी भी संदिग्ध एक्टिविटी या फेक नैरेटिव को शुरुआत में ही न्यूट्रलाइज किया जा सके।
फेक न्यूज पर एक्शन
पुलिस प्रशासन ने असामाजिक तत्वों को दो टूक चेतावनी जारी करते हुए साफ कर दिया है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। माहौल खराब करने की नीयत से शेयर किए जाने वाले किसी भी मैसेज पर पुलिस तुरंत FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी। साइबर सेल की टीम लगातार संदिग्ध हैंडल्स और ग्रुप्स को स्कैन कर रही है ताकि त्योहारों के दौरान शहर का अमन-चैन बिगाड़ने की हर कोशिश को नाकाम किया जा सके।

तुरंत पुलिस को सूचना
त्योहारों के दौरान शहर में सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने आम नागरिकों से भी जिम्मेदारी बरतने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के वायरल हो रहे किसी भी सनसनीखेज या आपत्तिजनक मैसेज पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे फॉरवर्ड करें। पुलिस ने साफ कहा है कि यदि इंटरनेट पर कोई भी संदिग्ध या भड़काऊ कंटेंट नजर आता है, तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें ताकि समय रहते एक्शन लिया जा सके।


