
Ranchi: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में घर लौट रही एक महिला के साथ दुष्कर्म की नीयत से छेड़छाड़, मारपीट और गला दबाकर जान से मारने के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने अज्ञात युवक के खिलाफ रातू थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आ गई है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
सुनसान बाउंड्री में घसीटने और मुंह दबाने का आरोप
रातू निवासी पीड़िता के अनुसार, घटना 7 नवंबर की रात करीब 7:45 बजे की है, जब वह पंडरा से अपने घर लौट रही थी। अपने घर से थोड़ी ही दूरी पर पहुंचने पर पीछे से अचानक एक अज्ञात युवक आया और उसने कपड़े से महिला का मुंह दबा दिया। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उसके साथ जबरन छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें कीं। इसके बाद वह उसे खींचकर पास ही स्थित एक सुनसान चहारदीवारी (बाउंड्री) के अंदर ले जाने का प्रयास करने लगा।

संघर्ष के दौरान हाथ में काटा, तो गला दबाकर हत्या की कोशिश
महिला ने साहस दिखाते हुए खुद को छुड़ाने के लिए संघर्ष किया और आरोपी के हाथ पर दांत से काट लिया। इससे बौखलाए आरोपी ने उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। जब महिला ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया, तो युवक ने आवाज दबाने के लिए दोनों हाथों से उसका गला दबा दिया और जान से मारने की कोशिश की।
लोगों की आहट से भागा बदमाश, अस्पताल में भर्ती कराई गई पीड़िता
महिला द्वारा लगातार शोर मचाए जाने और रास्ते से लोगों के आने की आहट सुनकर आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। हालांकि, गला दबाए जाने के कारण दम घुटने से महिला वहीं जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। कुछ देर बाद होश में आने पर उसने आवाज देकर अपने भाई को बुलाया। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़िता को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। होश में आने के बाद पीड़िता ने रातू थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


