
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री के सख्त निर्देशों के बाद, जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में शहर के कई प्रमुख इलाकों जैसे दलादली, रिंग रोड और कांके रोड क्षेत्र में एक सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान परिवहन विभाग की विजिलेंट टीम ने कुल 102 वाहनों को रोककर उनके कागजातों और फिटनेस की बारीकी से जांच की।
कागजात अधूरे मिलने और ओवरलोडिंग पर भारी जुर्माना
इस चेकिंग ड्राइव के दौरान अधिकारियों ने वाहनों के तमाम जरूरी दस्तावेजों जैसे रोड टैक्स, फिटनेस सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस, परमिट और पॉल्यूशन (प्रदूषण) प्रमाण पत्र की गहनता से पड़ताल की। इसके साथ ही यह भी चेक किया गया कि कहीं गाड़ियों में तय क्षमता से ज्यादा माल तो नहीं लादा गया है। जांच में कुल 17 वाहन ऐसे मिले जिनके कागजात अप टू डेट नहीं थे या जो ओवरलोडिंग के दोषी पाए गए। इन सभी के खिलाफ तुरंत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 4 लाख 21 हजार 500 रुपये का तगड़ा जुर्माना वसूला गया।

तीन गाड़ियां जब्त और प्रशासन की सख्त चेतावनी
नियमों को ताक पर रखने वाले वाहनों पर कार्रवाई का सिलसिला यहीं नहीं थमा। जरूरी कागजात और परमिट पूरे न होने के कारण कुल 3 वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया, जिन्हें सुरक्षित रखने के लिए कांके रोड स्थित टीओपी परिसर में खड़ा कराया गया है। जिला परिवहन विभाग ने सभी वाहन मालिकों और ड्राइवरों को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि वे अपने कागजात हमेशा दुरुस्त रखें और ट्रैफिक रूल्स का पालन करें। प्रशासन का यह भी कहना है कि रोड सेफ्टी को लेकर इस तरह के औचक और कड़े अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


