
पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने घरेलू सत्र 2026-27 (रणजी ट्रॉफी 2026-27) के शुरुआती दो रणजी मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। चयन समिति ने ऑलराउंडर शकीबुल गनी पर भरोसा जताते हुए एक बार फिर उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी है। हिमांशु सिंह को उपकप्तान बनाया गया है।

टीम में बिपिन कुमार सौरभ और सरमन निगरोध को विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया है। अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के संतुलन के साथ तैयार की गई टीम से घरेलू सत्र में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

BCCI की निगरानी में हुआ टीम का चयन
BCA के अनुसार, टीम का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा नियुक्त चयनकर्ताओं की देखरेख में किया गया। हरविंदर सिंह, एस. शरद और अमिताभ विजयवर्गीय ने चयन प्रक्रिया की निगरानी की। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी शुरुआती दो रणजी मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। वह वेस्टइंडीज दौरे पर भारतीय अंडर-19 या ए टीम के साथ व्यस्त हैं।
बिहार के पूर्व कप्तान आशुतोष अमन को पहली बार रणजी टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ अशोक कुमार सहायक कोच की भूमिका निभाएंगे। टीम के सपोर्ट स्टाफ में डॉ. हमेंन्दु को फिजियो और गोपाल कुमार को ट्रेनर नियुक्त किया गया है।
11 अक्टूबर को राजगीर में यूपी से पहला मुकाबला
बिहार अपने घरेलू रणजी सत्र का पहला मुकाबला 11 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेलेगा। यह मैच राजगीर में बने नए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस मुकाबले के साथ राजगीर स्टेडियम में बड़े स्तर के क्रिकेट आयोजनों की शुरुआत होगी।
शकीबुल गनी (कप्तान), हिमांशु सिंह (उपकप्तान), आयुष लोहारूका, मंगल महरूर, नमन गौरव, पीयूष सिंह, बिपिन कुमार सौरभ (विकेटकीपर), सरमन निगरोध (विकेटकीपर), आकाश राज, पृथ्वी राज, खालिद आलम, सूरज कुमार कश्यप, शाकीब हुसैन, एमडी इजहार, शब्बीर खान, राघवेंद्र सिंह और अमोद यादव।
रणजी ट्रॉफी 2026-27: 6 खिलाड़ी स्टैंडबाय में
मुख्य टीम के अलावा छह खिलाड़ियों को स्टैंडबाय में रखा गया है। इनमें नवाज खान, मलय राय, दानिश आलम, तनु कुमार सिंह, सचिन कुमार सिंह और प्रशांत कुमार सिंह शामिल हैं। जरूरत पड़ने पर इनमें से खिलाड़ियों को मुख्य टीम में शामिल किया जा सकता है।


